बालोतरा। उपखंड क्षेत्र में 75वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपखंड स्तरीय स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम का आयोजन स्थानिय जैसमल भीमराज गोलेच्छा माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत ध्वजारोहण के साथ की गई। उपखंड अधिकारी नरेश सोनी ने मार्च राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और मार्च पास्ट की सलामी ली। बालोतरा उपखंड क्षेत्र ग्रामीण अंचलों में भी स्वतंत्रता दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। समारोह में उपखंड अधिकारी नरेश सोनी ने संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा विपरित परिस्थितियों में भी राष्ट्र को नई ऊंचाईयों पर ले जा रहे है। कोरोना संक्रमण से प्रत्येक नागरिक परेशान जरूर हुआ है परंतु उन्होंने भी सरकार का साथ देकर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज अदा किया है। विधायक मदन प्रजापत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कोरोना काल में हर संभव राहत पहुंचाते हुए सेवा की है। विधायक ने कोरोना काल में सेवा एवं सरकार को सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं व भामाशाहों का आभार ज्ञापित किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, भामाशाहों एवं कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभापति सुमित्रा जैन, एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी धनफूल मीणा, थानाधिकारी बाबूलाल, आयुक्त शिवपालसिंह राजपुरोहित, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, प्रतिपक्ष नेता मेहबूब खां, पूर्व सभापति रतन खत्री सहित जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
ग्रामीण अंचलों में फहराया तिरंगा
उपखंड क्षेत्र के विद्यालयों व संस्थानों में स्वाधीनता दिवस उमंग के साथ मनाया गया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भील बस्ती आसोतरा में झंडारोहण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य गणपत बांठिया ने कहा कि कोरोना वायरस ने आमजन की परीक्षा ली है जिससे प्रत्येक परिवार प्रभावित हुआ है। इस संकट काल में मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए सामाजिक संगठन व संस्थाएं जिन्होंने जरूरतमंद की सेवार्थ सेवाएं प्रदान की है वह धन्यवाद के पात्र है। बांठिया ने कोरोना वॉरियर्स का सम्मान करते हुए देश सेवा में दिए गए योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर आसोतरा सरपंच दामोदर सिंह राजपुरोहित, ग्राम विकास अधिकारी किशोर शर्मा, पटवारी अजय पाल खीचड़, अध्यापक शांतिलाल परिहार, अध्यापिका सुषमा, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष धुङाराम, वार्ड पंच दुर्गाराम भील, समाजसेवी भंवराराम चौधरी, उत्तमाराम, मोडाराम, भंवराराम भील सहित ग्रामीण मौजूद थे। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, पोशाल नगर, असाडा में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। संस्था प्रधान दिव्या सोनी व भामाशाह ठेकेदार लखदान सिंह चारण ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान ठेकेदार लखदान सिंह चारण ने विद्यालय में तीन छत पंखे भेट किए।
सघन वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालोतरा द्वारा सघन वृक्षारोपण/वनरोपण अभियान का शुभारंभ 15 अगस्त से किया गया है। प्राधिकरण के सचिव विकास सिंह चौधरी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर न्यायालय परिसर, पचपदरा में वृक्षारोपण कर इस अभियान का शुभारंभ किया गया।

