अगस्त माह में सबसे अधिक त्यौहारों को उत्साह के साथ मनाया जाता है
-पंडित जितेंद्र कुमार दवे ( 9413525530 )
बालोतरा। भारत त्योहारों और उत्सवों का देश है। सावन शुरू होते ही देश में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है। हर त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। अगस्त का महीना शुरू हो गया है, यानी सावन ने अगस्त से कुछ पहले दस्तक दे दी है और इस महीने त्यौहार है। इस महीने राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ कई धार्मिक त्योहार मनाए जाएंगे। अगस्त के महीने में सावन के सोमवार का व्रत से लेकर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव भी मनाया जाएगा। इसके साथ ही भाई-बहन के प्यार के प्रतीक का त्योहार रक्षा बंधन भी मनाया जाएगा। इस दिन बहने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधेंगी और भाई उनकी रक्षा करने का वादा करेगा. कोरोना संक्रमण के कारण कई लोग इस बार भी पोस्ट के जरिए राखी भेजकर वीडियो कॉल के जरिए रक्षाबंधन मनाएंगे।
9 अगस्त को सावन का तीसरा सोमवार
9 अगस्त 2021 को सावन के महीने का तीसरा सोमवार है। इस दिन भक्त भगवान शिव की आराधना की जाएगी तथा परंपरा के अनुसार विवाह और वैवाहिक जीवन को सुखद बनाने के लिए सावन के सोमवार का विशेष महत्व है।
11 अगस्त को हरियाली तीज
11 अगस्त 2021 को हरियाली तीज है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में महिलाएं हरियाली तीज मनाती है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुख समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं. हरियाली तीज श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है।
13 अगस्त को नाग पंचमी
सावन मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि के दिन मनाया जाता है. इस बार 13 अगस्त को नाग पंचमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन भक्त नाग देवता की पूजा करते हैं, जिससे जीवन के सभी दुख दूर होते हैं और घर में सुख शांति और समृद्धि आती है।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस
हर साल की तरह इस बार भी विशेष रूप से स्वतंत्रता दिवस की धूम होगी। 15 अगस्त 2021 को हम अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे।
22 अगस्त को रक्षा बंधन
सावन मास का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार होता है रक्षाबंधन जो सावन की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है, यह भाई-बहन के प्यार का त्योहार है। इस साल 22 अगस्त 2021 श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई बहन को रक्षा का वचन देते हैं तथा इसके साथ बहन भाई को लंबी उम्र और सुख शांति समृद्धि के लिए प्रार्थना करती है।
25 अगस्त को कजरी तीज
25 अगस्त 2021 को शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए कजरी तीज का व्रत करेंगी। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रख भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना करती हैं।
30 अगस्त को जन्माष्टमी
जन्माष्टमी सावन खत्म होने के बाद मनाई जाती है. धार्मिक ग्रंथों के अनुसार श्री कृष्ण का जन्म का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को रोहिणी नक्षत्र में मध्यरात्रि के समय हुआ था। इस बार यह दिन 30 अगस्त 2021 को आ रहा है, इस दिन भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन भक्त पूरे दिन व्रत करते हैं और मध्य रात्रि को भगवान कृष्ण के जन्म के बाद प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत पूर्ण करते हैं।
31 अगस्त को गोगा नवमी
त्यौहारों के अगस्त माह के अंतिम दिन 31 अगस्त को गोगा नवमी मनाई जाएगी। गोगा नवमी का पर्व मारवाड़ क्षेत्र में श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया जाता है। इस दिन श्रद्धालु नाग स्वरूप में गोगाजी महाराज की घुघरी व मातर चढ़ाकर विशेष पूजा अर्चना करते है। गोगा नवमी पर गोगाजी मंदिरों में मेले लगते है जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते है।
