रिपोर्ट @ महिपाल सिंह चारण
बाड़मेर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अब अपने बकायादारों पर सख्त कदम उठाने जा रही है। शहर भर में विभाग के बकाया 8 करोड़ के करीब की राशि की वसूली के लिए अभियान शुरू कर विभाग राजस्व वसूली करेगी। विभाग 1 हजार से अधिक के पानी के बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को तीन नोटिस जारी कर बकाया की वसूली करने जा रहा है। विभाग का यह अभियान अगले सप्ताह की शुरुआत में शुरू होगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरी पेयजल उपभोक्ताओं को अपनी बकाया राशि जमा कराने का अंतिम मौका दिया है। इसके बाद भी राशि जमा नहीं कराने पर पेयजल का कनेक्शन काट देने की चेतावनी दी है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुरेश चंद्र जैन के निर्देशों पर अगले सप्ताह इस अभियान की शुरुआत होगी। विभाग के सहायक अभियंता (शहरी) जयराम दास ने बताया कि राज्य सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र में जल उपभोक्ताओं की जल राजस्व राशि एक हजार रुपए से ज्यादा बकाया चल रही है, ऐसे करीब तीन हजार उपभोक्ता है। जिन्हें अपनी बकाया राशि जमा कराने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है। ऐसे उपभोक्ता 25 जुलाई तक सहायक अभियंता कार्यालय और कनिष्ठ अभियंता कार्यालय के अलावा विभिन्न ई प्लेटफार्म पर बकाया राशि जमा करवा सकते है। इसके अभाव में 15 जुलाई बाद विभाग द्वारा अभियान चलाकर जल संबंधों को विच्छेद करने की कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होगा। उन्होंने बताया कि विभाग बकायादारों को तीन नोटिश जारी करने के बाद सख्त कदम उठाएगा। साथ औधोगिक क्षेत्र की कई फेक्ट्रियो के नल कनेक्शन कटे हुए है लेकिन उनके बिल अभी भी बकाया है ऐसे में उन उपभोक्ताओं को भी अपने बकाया बिल भरने है। राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशो में राजस्व वसूली के इस अभियान में बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र के उपभोक्ताओं से बकाया तकरीबन 8 करोड़ की बकाया राशि को वसूला जाएगा।
