ग्राम पंचायत की नई पहल से गांव को संवारने की कवायद
रिपोर्ट @ राजेश भाटी
समदड़ी। समदड़ी पंचायत समिति के ग्राम पंचायत जेठंतरी में सरपंच ग्राम विकास अधिकारी की नई पहल से सरपंच, उप सरपंच, वार्ड पंच एवं पंचायत कर्मी व ग्रामीणों द्वारा गांव के मुख्य सडक़ के किनारे व ग्राम पंचायत में पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के बाद एक-एक पौधें को ग्रामीणों ने गोद लिया और उनके संरक्षण की शपथ ली। ग्रामीणों को पेड़-पौधों की सार संभाल से लेकर बड़ा करने की जिम्मेदारी उठाई। ग्राम पंचायत की और से जेठंतरी गांव में 100 पौधें लगाए गए तथा आगामी दिनों में 500 औषधीय व छायादार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। सरपंच कैलाश कंवर ने बताया कि ग्रामीणों को ग्राम पंचायत की और से नि:शुल्क औषधीय गुणों से भरपूर पौधें एवं छायादार पौधें वितरण किए जा रहे है। कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी ने पेड़-पौधों की तरफ समूचे विश्वभर का ध्यान आकर्षित किया है, इसलिए गांवों में कोरोना की रोकथाम के लिए अधिक से अधिक पौधें लगाकर उन्हें संजोने के लिए अनूठी पहल की गई जिसके लिए ग्रामीणों ने इसका बीड़ा उठाया है। कार्यक्रम में पंचायत प्रचार अधिकारी चंपालाल देवड़ा, ग्राम विकास अधिकारी आम सिंह भायल, पूर्व सरपंच भंवरसिंह चंपावत, उप सरपंच हनुमानाराम माली, पंचायत समिति सदस्य कुंभाराम माली सहित ग्रामीण उपस्थित थे।
