ब्रह्मधाम तीर्थ आसोतरा, रणछोड़ राय तीर्थ खेड़, भगवती आश्रम में उमड़ा भक्ति का समंदर
बालोतरा। गुरु पूर्णिमा का पर्व शनिवार को श्रद्धा व उमंग के साथ मनाया गया। इस दिन हिंदू धर्मावलंबियों ने अपने गुरुओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद लिया। गुरु चरणों में नमन करने वालों का कहना था कि गुरु तो मेरा ऐसा है, जो गोविन्द को भी सिखा सकता है।
ब्रह्मधाम आसोतरा में गूंजे खेतेश्वर भगवान के जयकारें
ब्रह्मधाम आसोतरा पर गुरु पूर्णिमा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अनंत श्री विभूषित ब्रह्मा सावित्री सिद्ध पीठाधीश्वर तुलछाराम महाराज ने हजारों भाविकों के साथ विधि विधान से प्रात: स्मरणीय ब्रह्मलीन ब्र्रह्मऋषि ब्रह्माशांवतार गुरु महाराज श्री खेतेश्वर महाराज की पादूका पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्री गणेश पूजन, श्री ब्रह्माजी को पूजन कर गुरु महाराज की पादूका पूजन कर श्री चरणों में कोटि-कोटि वंदन किया गया। वेदांताचार्य ध्यानाराम महाराज सहित भाविकों के साथ गुरु महाराज श्री खेतेश्वर की महाआरती कर समाज व देश में खुशहाली की कामनाएं की। महामंत्री बाबूसिंह राजपुरोहित ने बताया कि गुरू महाराज तुलछाराम महाराज का 41वां दिव्य चार्तुमास व्रत साधना 24 जुलाई से 20 सितंबर तक खेतेश्वर ब्रह्मधाम तीर्थ आसोतरा में आयोजित होगा। गुरू पूर्णिमा पर्व पर महाराष्ट्र भाजपा नेता आर के राजपुरोहित, ट्रस्ट उपाध्यक्ष खेतसिंह मवड़ी, छोगसिंह सरवड़ी, रामसिंह बासनी, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष रामलाल सिंहा, नटवरसिंह पोसिंतरा, रामसिंह बोथिया, गोविंदसिंह कालूड़ी, महा नगर पालिका सूरत महासचिव दिनेशसिंह राजपुरोहित सहित सैकड़ों समाजबंधुओं ने गुरूवर का आर्शीवाद प्राप्त किया।
गुरु-महंतों के यहां लगा भक्तों का तांता
इंद्रोकली स्थित निर्मल कुटीर में हामंडलेश्वर निर्मलदास महाराज का पूजन-अर्चन करने दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। समदड़ी रोड स्थित हनुमान बगेची में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों ने स्वर्गीय नारायणदास जी महाराज की विधिवत वंदना करते हुए पूजा-अर्चना की। इसी प्रकार, शहर के रणजीत आश्रम में भक्तों क ओर से संत अमृतराम महाराज को फूलों की माला पहनाकर विधिवत पूजा की गई। इसी तरह पुरानी चोंच मंदिर पर सोमवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व महामंडलेश्वर राघवदास महाराज के सानिध्य में धूमधाम से मनाया गया। संत राघवदास महाराज के सानिध्य में दिनभर भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। महाराज ने गुरु महिमा, ईश्वर महिमा, संत महिमा के भजनों के माध्यम से भक्तों को शुभाशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर कथा का आयोजन किया गया, जिसमें पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया। भक्त उमाराम गहलोत ने बताया कि कथा की समाप्ति के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। इसी प्रकार श्री पीपा क्षत्रीय दर्जी समाज के आराध्य गुरु संत शिरोमणि पीपानंदाचार्य के स्मरण में स्थानीय पीपा क्षत्रीय छात्रावास में गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। समदड़ी स्थित माली समाज बगेची में श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर नरसिंग दास महाराज से आर्शीवाद प्राप्त किया। वहीं श्री मठ कनाना में भक्त भाविकों ने महंत परशुराम गिरी महाराज से आर्शीवचन प्राप्त कर जीवन को सार्थक बनाने का संकल्प लिया। भक्त मदनलाल तातेड़ ने बताया कि गुरू महाराज का पूजन करने के लिए दूर-दराज से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्री मठ आकर शीश नवाया।
महादेव मंदिर में सत्संग का आयोजन
कुम्हारों का चौक स्थित श्री नर्बदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में गुरु पूर्णिमा पर भव्य सत्संग का आयोजन रखा गया। ट्रस्टी ओम प्रकाश एच भाटी ने बताया कि पुजारी जगदीश दास द्वारा भगवान भोलेनाथ का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर अपने अपने गुरु महाराज को याद किया और भक्त श्रीमती चंपा देवी ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा होने की कामना की। इस धार्मिक आयोजन में सीता, हिना और मैना ने सभी महिला भक्तों को श्रीफल भेंट दिए। इस अवसर पर भगवती, उषा, निरमा, प्रियंका, कविता व सैकड़ों शिवभक्तों ने गुरु पूर्णिमा पर भजन कीर्तन में भाग लिया।
खेड़ तीर्थ में उमड़ा आस्था का समंदर
सनातन धर्म के पौराणीक तीर्थ स्थल खेड़ श्री रणछोड़ राय भगवान मंदिर पर गुरु पूर्णिमा पर्व आस्था व श्रद्धा से मनाया गया। ट्रस्ट मंडल प्रवक्ता दौलत आर प्रजापत ने बताया की गुरु पूर्णिमा को लेकर मंदिर स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहीं। मंदिर पुजारी लाभ शंकर अवस्थी, हीरालाल दवे ने पूजा आरती की। ट्रस्ट मंडल ने श्रद्धालुओं से कोविड गाइडलाइंस अनुसार श्रद्धालुओं के दर्शन पूजा की व्यवस्था कराई। इस दौरान ट्रस्ट सचिव महेंद्र अग्रवाल, राजेन्द्र जिंदल ने सेवाएं दी।



